प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत नई पहल के रूप में कुशल राज मिस्त्रियों की प्रशिक्षण का शुभारंभ
धमतरी । जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के निर्देशन में प्रधाननमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जिले में एक नई पहल के रूप में कुशल राजमिस्त्रियों की तैयारी के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। जनपद पंचायत नगरी के ग्राम पंचायत उमरगांव में देना आरसीटी के सहयोग से 30 दिवसीय राजमिस्त्री कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन जनप्रतिनिधि श्रीमती अंजना ध्रुव की उपस्थिति में संपन्न हुआ। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण के प्रति गंभीरता, अनुशासन और समर्पण का संदेश दिया तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को राजमिस्त्री के रूप में प्रशिक्षित कर जिले में चल रही आवासीय योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करना है। जिले में स्वीकृत 21 हजार 875 आवासों में से अब तक 07 हजार 218 पूर्ण हो चुके हैं और शेष निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं गति के लिए कुशल राजमिस्त्रियों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। प्रशिक्षण में 35 युवाओं को चयनित किया गया है जिन्हें सैद्धांतिक के साथ प्रायोगिक ज्ञान भी दिया जा रहा है। आधुनिक निर्माण तकनीकों और व्यावहारिक कौशल पर विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि ये युवा प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य निर्माण परियोजनाओं में दक्षता से कार्य कर सकें।