छत्तीसगढ़ की स्थापना के रजत जयंती वर्ष में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि “रामलला दर्शन योजना” का साकार होना
बिलासपुर |
2025-07-22 17:54:28
दिनांक – 22 जुलाई 2025
छत्तीसगढ़ की स्थापना के रजत जयंती वर्ष में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि “रामलला दर्शन योजना” का साकार होना
श्री रामलला दर्शन योजना अंतर्गत इस वित्तीय वर्ष 2025-26 की दूसरी ट्रेन 23 जुलाई 2025 को बिलासपुर रेल्वे स्टेशन से रवाना होगी
माननीय उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी दोपहर 12:30 बजे हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को करेंगे रवाना
23 जुलाई को बिलासपुर संभाग के दर्शनार्थियों को लेकर रवाना होने वाली ट्रेन को रेलवे स्टेशन बिलासपुर से दोपहर 12:30 बजे माननीय उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। माननीय अध्यक्ष छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड श्री नीलू शर्मा, बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायकगण, जिला प्रशासन के अधिकारीगण ,जनप्रतिनिधिगण आदि उपस्थित रहेंगे।
इस योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली ट्रेन 15 जुलाई को रायपुर संभाग के दर्शनार्थियों को रेलवे स्टेशन रायपुर से दोपहर 01:00 बजे माननीय राजस्व, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
गौरतलब है कि प्रदेश वासियों को उनके जीवन काल में एक बार प्रभु श्री राम लला के दर्शन (अयोध्या धाम) कराए जाने की राज्य सरकार के घोषणा पत्र अनुसार दिनांक 23/02/2024 को छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड तथा इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (IRCTC) के मध्य MOU संपादित किया गया था। इसी कड़ी में योजना का शुभारंभ रायपुर संभाग के दर्शनार्थियों को लेकर रवाना होने वाली स्पेशल ट्रेन को रायपुर रेल्वे स्टेशन से दिनांक 05 मार्च 2024 को माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी द्वारा वरिष्ठ मंत्रीगणों, जनप्रतिनिधियों आदि की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। तदुपरान्त 11 मार्च को बिलासपुर संभाग के दर्शनार्थियों को लेकर बिलासपुर रेल्वे स्टेशन से रवाना होने वाली स्पेशल ट्रेन को उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव द्वारा जनप्रतिनिधियों आदि की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। 19 जून को सरगुजा संभाग के दर्शनार्थियों को लेकर रवाना होने वाली स्पेशल ट्रेन को माननीय सांसद श्री चिंतामणि महाराज द्वारा विधायक गणों, जनप्रतिनिधियों आदि की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था।
इसी-क्रम में दिनांक 26 जून को दुर्ग एवं बस्तर संभाग (संयुक्त) से प्रथम स्पेशल ट्रेन में 850 यात्रियों को रेल्वे स्टेशन दुर्ग से मान. उपमुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री दुर्ग श्री विजय शर्मा जी, मान. उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी, मान. वन मंत्री छ.ग. शासन श्री केदार कश्यप जी, विधायक गणों एवं जनप्रतिनिधियों आदि की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था।
इस अवसर पर सभी संभागों के यात्रियों में भारी उत्साह देखा गया। उक्त सभी अवसरों पर काफी संख्या में मीडिया के प्रतिनिधिगण, सामान्य जन, जिला प्रशासन के अधिकारी/कर्मचारीगण, छ.ग. टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी/कर्मचारीगण एवं IRCTC के अधिकारी/कर्मचारीगण भी सम्मिलित रहे। इस योजना के अंतर्गत अब तक वित्तीय वर्ष में छत्तीसगढ़ के लगभग 22,950 दर्शनार्थियों को दर्शन कराया गया है।
प्रभु श्री राम लला दर्शन योजना अंतर्गत अयोध्या धाम के लिए यह स्पेशल सप्ताहिक ट्रेन रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर-दुर्ग (संयुक्त) संभाग के यात्रियों को श्री राम लला अयोध्या धाम दर्शन के लिए निरंतर जारी रहेगी।
जनसंपर्क अधिकारी
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड