खैरागढ़ रोड बना 'मौत का रास्ता':
राजनांदगांव |
2025-08-01 16:33:34
खैरागढ़ रोड बना 'मौत का रास्ता':
ओवरलोड ट्रक ने पुलिस और नगर पालिका वाहन को मारी जोरदार टक्कर, सफाई महिला मित्र गंभीर रूप से घायल
डोंगरगढ़, 1 अगस्त डोंगरगढ़ के खैरागढ़ रोड नाका पारा में बुधवार को एक भारी भरकम ओवरलोड ट्रक ने बेकाबू होकर नगर पालिका परिषद के कचरा डुलाई वाहन और पुलिस की 112 पेट्रोलिंग गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में नगर पालिका की सफाई महिला मित्र मधु राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में तय सीमा से कहीं अधिक माल लदा हुआ था, जिससे वह नियंत्रण खो बैठा। हादसे के समय सफाई कार्य के लिए नगरपालिका का वाहन वहां मौजूद था,
जिसमें महिला मित्र सवार थीं। इसी दौरान 112 की पुलिस गाड़ी भी वहाँ थी जिसे ट्रक ने नहीं बख्शा।
स्थानीय नागरिकों का आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना है कि खैरागढ़ रोड पर हर दिन जाम, ओवरलोड वाहनों की भरमार और हादसे आम बात हो गई है।
एक नागरिक ने कहा, "यह कोई पहली बार नहीं है, यहाँ आए दिन ऐसे हादसे होते हैं लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि सिर्फ भाषणों तक सीमित हैं। हादसे के बाद दो दिन शोक और तीसरे दिन सब सामान्य - यही सिस्टम बन चुका है।"
प्रशासनिक लापरवाही या राजनीतिक उदासीनता ?
सवाल उठता है कि क्या खैरागढ़ रोड पर ट्रैफिक नियंत्रण, ओवरलोड वाहनों पर रोक और नागरिक सुरक्षा के लिए कोई ठोस योजना है? जनप्रतिनिधि चुनाव के समय वादे करते हैं लेकिन हादसों पर चुप्पी साध लेते हैं।
जनता की मांगः
ओवरलोड वाहनों पर तत्काल रोक
सीसीटीवी निगरानी और ट्रैफिक नियंत्रण
नियमित पुलिस पेट्रोलिंग
घायल महिला मित्र को मुआवजा और बेहतर इलाज