छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

मंदिर परिसर में खुद पर आग लगाकर कुंड में कूद गया होटल कर्मी

 बिलासपुर । रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर परिसर स्थित पंचमुखी शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति ने खुद पर आग लगा ली। इसके बाद वह मंदिर के पास स्थित कुंड में कूद गया।

इधर मंदिर के आसपास मौजूद लोग घटना को देखकर सकते में आ गए। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कुंड में तलाशी अभियान चलाकर अधेड़ के शव को निकाल लिया है। मृतक की पहचान कर ली गई है। फिलहाल उसके स्वजन की जानकारी नहीं मिल पाई है।

रतनपुर के महामाया मंदिर के पास शर्मा भोजनालय में काम करने वाला बलराम यादव मंदिर के आसपास ही रहता था। सोमवार की सुबह छह बजे के करीब वह मंदिर की ओर गया था। महामाया मंदिर परिसर के अंदर पंचमुखी शिव मंदिर के पास वह कुछ देर टहलता रहा। इसके बाद उसने खुद पर आग लगा ली।

आसपास के लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही उसने मंदिर के पास स्थित कुंड में छलांग लगा दी। घटना से सकते में आए लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। जवानों ने कुंड में तलाशी अभियान चलाकर बलराम यादव को निकाल लिया। तब तक पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चीरघर भेज दिया है।

पुलिस ने होटल संचालक से पूछताछ की है। इसमें मृतक के स्वजन की जानकारी नहीं मिल पाई है। होटल संचालक ने बताया कि बलराम कई महीनों से वहां काम कर रहा था। इस बीच उसने अपने घर के संबंध अलग-अलग बातें कही थी। पुलिस मृतक के स्वजन की जानकारी जुटा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image