छत्तीसगढ़ / कोरिया

स्वीकृत राशि का समय पर आबंटन अत्यंत आवश्यक है- डॉ चतुर्वेदी

 10 अक्टूबर को कोरिया में आयोजित होगा मेगा बैंक लिंकेज कैंप

कोरिया 08 अक्टूबर 2025

महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत आगामी 10 अक्टूबर को जिला पंचायत ऑडिटोरियम, कोरिया में मेगा बैंक लिंकेज कैंप का आयोजन किया जाएगा।
यह कैंप कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में और मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरिया डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सीईओ डॉ. चतुर्वेदी ने जिला स्तर पर बैंकरों एवं विभागीय अधिकारियों की समन्वय बैठक ली, जिसमें अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के अधिकारी, आजीविका से जुड़े विभागों के प्रमुख, बिहान टीम के जिला व ब्लॉक अधिकारी तथा संकुल स्तरीय दीदियां उपस्थित थीं।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. चतुर्वेदी ने सभी बैंकों से लंबित प्रस्तावों, स्वीकृत प्रकरणों और अब तक की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण राशि आबंटित करने के निर्देश दिए और कहा बैंक सामाजिक और आर्थिक विकास की धुरी हैं। उनके प्रत्येक सकारात्मक कदम से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और समाज को आगे बढ़ने की दिशा मिलती है।

उन्होंने यह भी कहा कि स्वीकृत राशि का समय पर आबंटन अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि जब तक हितग्राही के हाथ में राशि नहीं पहुंचेगी, वह अपना उद्यम आरंभ नहीं कर सकेगा।

सीईओ ने बैंकरों को निर्देश दिए कि बिहान टीम या विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई करें और कुछ बैंकों में हितग्राहियों को अनावश्यक रूप से टालने की प्रवृत्ति को तुरंत समाप्त करें।

Leave Your Comment

Click to reload image