छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव के मुख्य अतिथि विधायक श्री धरमलाल कौशिक होंगे

 राज्योत्सव की तैयारी के लिए कलेक्टर ने विभागों को सौंपे हैं अलग-अलग दायित्व

विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाएंगे 25 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित स्टॉल

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 28 अक्टूबर 2025

राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। राज्योत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर सहित जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथि तय किए गए हैं। राज्य स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन 1 से 5 नवम्बर तक पांच दिवसीय और जिला स्तरीय राज्योत्सव 2 से 4 नवम्बर तक तीन दिवसीय होगा। गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में आयोजित राज्योत्सव के मुख्य अतिथि बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री धरमलाल कौशिक होंगे। जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन गुरुकुल खेल मैदान पेंड्रारोड में किया जाना है।
               कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने राज्योत्सव की सम्पूर्ण तैयारियों के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकेश रावटे को नोडल अधिकारी एवं प्रभारी अपर कलेक्टर श्री अमित बेक को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। राज्योत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं पार्किंग व्यवस्था के लिए पुलिस अधीक्षक को दायित्व सौंपने के साथ ही मंच निर्माण, साज-सज्जा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्विज प्रतियोगिता, लाईट, माइक, पेयजल, साफ-सफाई, फायर ब्रिगेड, आमंत्रण पत्रों का मुद्रण एवं वितरण, प्राथमिक चिकित्सा उपचार, चलित शौचालय, फूड स्टॉल, बच्चों के मनोरंजन हेतु झूले आदि व्यवस्थाओं एवं सभी आवश्यक तैयारियों के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा 25 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी-स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image