छत्तीसगढ़ / बीजापुर

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम का होगा गरिमामय आयोजन : कलेक्टर मिश्रा

 बीजापुर । कलेक्टर संबित मिश्रा की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान नियद नेल्लानार योजना के तहत नव स्थापित सुरक्षा कैम्पों के अंतर्गत आने वाले गांवों का सर्वेक्षण, सैचुरेशन शिविरों की प्रगति, तथा अधोसंरचना निर्माण से जुड़ी जानकारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वास्थ्य, शिक्षा, जल जीवन मिशन, महिला एवं बाल विकास, विद्युत विभाग, सार्वजनिक वितरण प्रणाली सहित सभी प्रमुख विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों एवं नक्सल पीड़ित परिवारों के सदस्यों के सभी आवश्यक दस्तावेज जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र तथा आयुष्मान कार्ड शत-प्रतिशत तैयार कर सुनिश्चित किए जाएं।

कलेक्टर मिश्रा ने आगामी छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम का गरिमामय एवं सांस्कृतिक वैभव से परिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, आगामी बस्तर ओलंपिक के सभी स्तरों पर सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए भी मार्गदर्शन प्रदान किया।

बैठक में अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल, डिप्टी कलेक्टरगण, तथा जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image