छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

यूथ हब भांसी के सहयोग से साहिल तामो बना आत्मनिर्भर

 दंतेवाड़ा , 19 नवंबर 2025

यूथ हब भांसी के सहयोग से साहिल तामो बना आत्मनिर्भर

दंतेवाड़ा जिला प्रशासन द्वारा तहसील बचेली के ग्राम भांसी में प्रारंभ किए गए यूथ हब ने क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी पहल से ग्राम बड़े कमेली के 19 वर्षीय साहिल तामो भी आज स्वावलंबी बन चुके हैं। कृषक परिवार से आने वाले साहिल की इच्छा थी कि वे स्वयं के पैरों पर खड़े होकर आत्मनिर्भर जीवन शुरू करें। घर की स्थिति को देखते हुए उन्होंने 10 वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत भांसी में संचालित यूथ हब में पंजीयन कराया और टीम के समक्ष किराना दुकान शुरू करने की इच्छा व्यक्त की।

साहिल बना युवाओं का प्रेरणा स्रोत
         साहिल की रुचि और योजना को देखते हुए यूथ हब द्वारा उन्हें 50 हजार रुपये का बिजनेस लोन, बिजनेस प्लान तैयार करने में सहयोग, दुकान प्रबंधन के तरीकों की जानकारी तथा प्रारंभिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इसके फलस्वरूप साहिल ने अपने ग्राम में सफलतापूर्वक एक छोटा किराना दुकान शुरू कर लिया है। इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि वे बेरोजगारी से भी मुक्त हो पाए हैं। साहिल का प्रयास क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है। यूथ हब भांसी की यह पहल प्रमाण है कि उचित मार्गदर्शन और समर्थन मिलने पर युवा अपनी मेहनत और लगन से आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा सकते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image