छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

बस्तर ओलंपिक : जिला स्तरीय मेगा बस्तर ओलंपिक का भव्य शुभारंभ 21 से

 दंतेवाड़ा । दंतेवाड़ा जिला प्रशासन, पुलिस विभाग (गृह) तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में और जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत के कुशल मार्गदर्शन में जिला स्तरीय मेगा बस्तर ओलंपिक का आयोजन 21 से 22 नवंबर 2025 तक किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा एवं इंडोर स्टेडियम में मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा। जिले के सभी विकासखंडों से चयनित कुल 979 जूनियर, सीनियर, महिला, पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। 

वहीं हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग खिलाडि़यों का चयन सीधे जिला स्तर पर किया गया है। दो माह तक चले इस आयोजन में 20 सितंबर से 22 अक्टूबर तक खिलाडि़यों का पंजीयन किया गया, जिसमें कुल 47,752 प्रतिभागियों ने नाम दर्ज कराया। विशेष बात यह रही कि इस बार महिलाओं का पंजीयन पुरुषों से अधिक रहा। सनद रहे कि पंजीयन की शुरुआत उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव द्वारा दंतेवाड़ा मंदिर प्रांगण से की गई थी। प्रतियोगिता को लेकर पूरे जिले में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। इस क्रम में कहीं रंगोलियों के माध्यम से, कहीं दीयों, रैली और मुनादी द्वारा लोगों को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने प्रेरित किया गया। बस्तर ओलंपिक का शुभंकर ‘वन भैंसा’ भी नगर एवं ग्राम्य क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को आयोजन का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करता रहा। क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी ने शुभंकर चयन को वन्यजीव संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश बताया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला खेल अधिकारी जयंत नाहटा ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन के सुचारू संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर मूलचंद चोपड़ा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image