गोवर्धन पर्व विशेष चिंतन आलेख...
रायपुर |
11-Nov-2023
चलते फिरते देवालय गाय की पीड़ा
पांच दिवसीय महापर्व दीपावाली की छुट्टियों में गांव गया हुआ था।बचपन की यादों में खोया खेत खलिहान, तालाबों को ताकते हुए दिन मजे से बीत रहे थे। गए। दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पर्व पर गायों की पूजा करने के उपरांत खिचड़ी संग पारम्परिक सब्जी कद्दू और सुरन का स्वाद उंगलियों को चाट चाट कर लिया।
भोजनोपरांत रात के समय घूमने की आदत के मुताबिक खा पीकर टहलने निकल गया। स्वच्छ शांत ग्रामीण वातावरण में डूबा हुआ टहलते टहलते गांव के बाहर शहर जाने वाली सड़क पर जा पहुंचा।
तभी मेरी नजर थोड़ी दूरी पर चमकती हुई कोई चीज़ पर पड़ी।क्या हो सकता की जिज्ञासा में दबे पांव आगे बढ़ा तो देखा कि अनेक गायें वहां एकत्रित हैं,और उन सबकी आंखें अश्रुपुरित थीं।
बालपन से गायों के संग खेलते कूदते बड़ा हुआ था,अतः बिना भयभीत हुए उनके करीब जा पहुंचा।मुझे भी देखकर न तो वे डरी और ना ही भागी।बस अपलक ताकती रहीं।शायद उन्होंने परख लिया था कि ए आदमी गऊ जैसा सीधा है।
एक खूबसूरत सफेद बछिया को पुचकारते हुए मैंने उसकी महतारी गऊ माता से पूछा -गऊ माता, आज तो गोवर्धन त्योहार है। लोगों ने तुम्हें बढ़िया नहला धुला करके, सजा धजा करके पूजा पाठ किया है।हलूवा पूरी, खिचड़ी का भोग लगाया है।ऐसे गोवंश हितैषी पर्व पर तुम्हें कौन सा दुःख चुभ रहा है?कौन सी पीड़ा तुम्हें खाए जा रही है? जिसकी मार सहते तुम सब यहां एक दूसरे की पीड़ा हरने जमा हुए हो।
मेरी बात को सुनकर एक मोटा काला भयानक सिंगधारी बैल मुझे मारने की मंशा लिए आगे बढ़ा। फिर बोला-काहे का गोवर्धन पर्व ,काहे की पूजा?बस एक ही दिन का दिखावा है। मनुष्य के तो दो दांत होते हैं।खाने के अलग और दिखाने के अलग।सही में हमारा मान सम्मान करना होता तो कम से कम आज तो घर में रखते।अपने स्वार्थ को पूरा करने मनुष्य हमारी पूजा करता है।स्वार्थ सधने के बाद दूध में गिरे मक्खी की तरह बाहर खदेड़ देता है।देख तो रहे हो हमारे माथे पर लगा टीका साक्षी है कि पूजा के बाद हमें खदेड़ दिया गया है।
उसकी बातें सुनकर एक लाल गाय अपनी पूंछ खड़े करके बोली-जितना खिलाते नहीं उससे ज्यादा तो पके आम की तरह हमें चूस लेते हैं।वह लम्बी सांसे छोड़ते आहें भरते हुए आगे बोली -आज सुबह की ही बात है।मेरा नवजात बछड़ा मेरा दूध पी रहा था।तब कसाई की तरह रुप धारण करके मेरा मालिक बछड़े के कोमल कान को खींचते मुझसे दूर ले गया। बां.. बां.. करते कलपते मेरे पिलवा को कड़क रस्सी में कसकर बांध दिया।मासूम बछड़े की पीड़ा से भी उसका दिल नहीं पसीजा।
हां हां दीदी, सही कह रही हो। कहते हुए एक चितकबरी गाय बोली- तुम्हारी तरह मेरा भी मालिक महाकसाई है। बड़ी बाल्टी भर भर रोज सुबह शाम दूध देती हूं, फिर भी ओ लालची और ज्यादा दूध की चाहत में न जाने कौन सी दवाई सूई में डालकर हब्ब से मेरे शरीर में घुसा देता है।मेरी रूह कांप जाती है। मैं पीड़ा से बिलबिला जाती हूं।
उसकी पीड़ा सुनकर एक पढ़ा-लिखा सा बछड़ा बोला- बड़ी माई तुम जिस दवा की बात कर रही हो उसे "डाइक्लोफेनिक इंजेक्शन" कहते हैं।सच तो यही है कि वो दवा गायों के साथ ही मनुष्यों के लिए ख़तरनाक है।और तो और जिस गाय भैंस को रोज ए दवा इंजेक्शन लगता है उसका शरीर भी जहर से भर जाता है। ऐसे गाय भैंस की मृत्यु उपरांत उसके शरीर को खाने वाले जीव जन्तु जैसे कि गिद्ध,कौवा,कुत्ते,सियार भी काल के गाल में समा जाते हैं।यही वजह है आजकल ऐसे कितने जीव जन्तु विलुप्त हो गए हैं,और मनुष्य भस्मासुर बनते जा रहा है।
उनकी गंभीर बातें सुनकर मैं भी चिंता में डुब गया। मैं उन्हें ढांढस देते हुए बोला -गऊ माता धीर में खीर है,अतः धीरज रखें।अति का अंत तो होता ही है।मुझे भी भरोसा है कि इंसान की मति में भी परिवर्तन होगा।उनके साथ बातचीत समाप्त करके मैं घर लौटते लौटते सोचने लगा कि वेद पुराण में गायों को चलते फिरते देवालयों का नाम दिया गया है।इनकी दुर्दशा और मत होने देना ईश्वर।गाय पालना छोड़कर स्वान पालने में लीन मनुष्य को सद्बुद्धि देना।
विजय मिश्रा 'अमित'
पूर्व अति महाप्रबंधक (जन) अग्रोहा सोसायटी, पोआ-सुंदर नगर रायपुर (छग) मो.9893123310