छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

रबी मौसम में गेहूं, चना, मसूर, राई का फसल लेने कलेक्टर ने किसानों को दिए समझाईश

 खेत पर जाकर किसान द्वारा किए जा रहे चना बुआई का किया अवलोकन

किसानों को गेहूं और मसूर बीज का किया गया वितरण

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 06 दिसंबर 2025

कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने आज गौरेला एवं मरवाही विकासखण्ड के विभिन्न ग्राम पंचायतों-गिरवर, पड़खुड़ी, खैरझिटी, भस्कुरा, मेढ़ुका, गांगपुर और लालपुर का दौरा किया। उन्होंने किसानों से मिलकर खेती-किसानी के बारे में पूछताछ किया और किसानों से कहा कि गर्मी में धान का फसल नहीं लेना है, इसमें पानी अधिक लगता है, भू-जल स्तर भी गिरता है। उन्होंने किसानों को रबी के मौसम में गेहूं, चना, मसूर, राई का फसल लेने समझाईश दिए। किसानों को रबी फसलों के लिए कृषि विभाग द्वारा निःशुल्क एवं आंशिक अंशदान कर उपलब्ध कराए जा रहे बीजों के बारे में जानकारी दी गई। कलेक्टर ने भस्कुरा के किसान दर्शनलाल के खेत पर जाकर उनके द्वारा किए जा रहे चना बुआई का अवलोकन किया। उन्होंने मेढ़ुका के किसान द्वारा लगाए गए राई फसल एवं गांगपुर के किसान द्वारा लगाए गए अलसी फसल का भी अवलोकन किया तथा गांगपुर के किसानों को गेहूं और मसूर बीज का वितरण किया। उन्होंने किसानों से मुलाकात के दौरान उनकी समस्याएं भी जाना। भस्कुरा के किसानों ने कहा कि उनके गांव में एक ही ट्रांसफार्मर होने से लोड अधिक पड़ रहा है, इसलिए एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की। इसी तरह गांगपुर के किसानों ने लालपुर से बालधर तक पहुंच मार्ग की मांग रखी। किसानों के मांग पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही कलेक्टर ने सभी किसानों एवं ग्रामीणों को अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने का आग्रह किया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे एवं उप संचालक कृषि सत्यजीत कंवर भी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image