महोरा निवासी 79 वर्ष के दिव्यांग को मिली निःशुल्क ट्रायसाइकिल
जनदर्शन में आवेदन और कुछ ही घंटों में हुआ निराकरण
सुशासन और संवेदनशीलता की मिसाल बना जिला प्रशासन कोरिया
कोरिया, 09 दिसम्बर 2025
कोरिया जिले के कलेक्टरेट सभाकक्ष में आज आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रशासनिक संवेदनशीलता और त्वरित सेवा ही अच्छे शासन की सही पहचान है। जिले के ग्राम महोरा निवासी 79 वर्षीय दिव्यांग श्री परशुराम बैशाखी के सहारे चलने में होने वाली कठिनाइयों को लेकर जनदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उम्र के इस पड़ाव में चलना.फिरना उनके लिए अत्यंत कठिन हो गया है और उन्हें सहारे की सख्त आवश्यकता है।
कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनी और तत्काल ही समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिया कि कार्यक्रम समाप्त होते ही श्री परशुराम को ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन की तत्परता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ ही घंटों में ट्रायसाइकिल पहुँच भी गई। ट्रायसाइकिल उपलब्ध होने पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, जिला गौधाम समिति के अध्यक्ष श्री रेवा यादव ने स्वयं श्री परशुराम को ट्रायसाइकिल भेंट की। इसे पाकर उनकी आंखों में राहत और खुशी साफ झलक रही थी।
श्री परशुराम भावुक होकर बोले मुझे उम्मीद थी कि समस्या का समाधान होगा, पर इतनी जल्दी, कुछ ही घंटों में हो जाएगा इसका अंदाज़ा नहीं था। आज प्रशासन ने जो किया है, वह मेरे लिए जीवन बदलने जैसा है। जनदर्शन में मौजूद लोगों ने इस त्वरित पहल को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और जिला प्रशासन की संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उपस्थित जनों ने कहा कि ऐसे निर्णय प्रशासन पर लोगों के विश्वास को मजबूत करते हैं और साबित करते हैं कि समस्याओं के समाधान के लिए सही शासन व्यवस्था ही सबसे बड़ा सहारा है।