जंबूरी की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित
गौरेला पेंड्रा मरवाही |
2025-12-21 16:46:52
स्काउट एवं गाइड के जिला मुख्य आयुक्त श्री नीरज जैन और जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी के नेतृत्व में आगामी प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी, जो 9 से 13 जनवरी 2026 तक ग्राम दुधली जिला बालोद में आयोजित की जा रही है, के सफल आयोजन एवं सहभागिता को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। परियोजना कार्यालय आदिवासी विकास विभाग के सभा कक्ष में आयोजित बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने उत्कृष्ट स्काउटिंग गतिविधियों के संचालन पर विशेष जोर देते हुए सभी संबंधित प्रभारियों को गुणवत्ता, अनुशासन एवं प्रशिक्षण स्तर को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जंबूरी में सम्मिलित होने वाले प्रभारियों को विद्यार्थियों की सुरक्षा, देखरेख एवं अनुशासन के संबंध में स्पष्ट दिशा निर्देश प्रदान किए। साथ ही जंबूरी में जाने वाले विद्यार्थियों के विद्यालय प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे पंजीयन हेतु विद्यार्थियों के नाम शीघ्रातिशीघ्र जमा करें तथा जंबूरी के लिए पंजीयन संबंधी समस्त कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करें।
बैठक में स्काउटिंग गतिविधियों को और सुदृढ़ करने हेतु जिले में बेसिक कैम्प के आयोजन पर भी विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर डी.ओ.सी. स्काउट श्री एश्ले कैनेथ डगलस ने जंबूरी से संबंधित महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारी साझा की तथा बेसिक कैम्प आयोजित किए जाने की आवश्यकता और उसके लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। डी.ओ.सी. गाइड श्रीमती अर्चना मसीह ने पूर्व जंबूरी के अनुभव साझा करते हुए जंबूरी में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण तथा आवश्यक तैयारियों की जानकारी दी। अंत में जिला मुख्य आयुक्त श्री नीरज जैन ने जिले से जंबूरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अच्छा नाम रोशन करने हेतु सभी स्काउट, गाइड, प्रभारियों एवं विद्यार्थियों को प्रेरित किया तथा जंबूरी की तैयारी अभी से गंभीरता के साथ प्रारंभ करने का निर्देश दिए।