छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

AM/NS इंडिया : किरंदुल में आयरन ओर बेनिफिसिएशन प्लांट क्षमता विस्तार को लेकर लोकसुनवाई शांति पूर्वक सम्पन्न,

जनप्रतिनिधियों ने रखे विकास से जुड़े सुझाव।

किरंदुल। आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, किरंदुल द्वारा क्षमता विस्तार के तहत प्रस्तावित आयरन ओर बेनिफिसिएशन प्लांट के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति हेतु लोकसुनवाई का आयोजन किया गया। यह लोकसुनवाई BIOP सीनियर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड परिसर, किरंदुल में संपन्न हुई।

प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत आयरन ओर बेनिफिसिएशन प्लांट की उत्पादन क्षमता को वर्तमान 08 मिलियन टन प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 12 मिलियन टन प्रतिवर्ष किए जाने का प्रस्ताव है। इस परियोजना के लिए कुल 39.83 हेक्टेयर (98.43 एकड़) क्षेत्र प्रस्तावित किया गया है।

लोकसुनवाई में प्रभावित ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने परियोजना से होने वाले संभावित विकास कार्यों का स्वागत करते हुए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं स्थानीय अधोसंरचना के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव कंपनी के समक्ष रखे।

साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, विस्थापन, मुआवजा, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार तथा सामाजिक दायित्व (CSR) के प्रभावी क्रियान्वयन जैसी कमियों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि विकास आवश्यक है, लेकिन वह स्थानीय लोगों के हितों और पर्यावरण संतुलन के साथ होना चाहिए।

कंपनी प्रबंधन की ओर से उपस्थित अधिकारियों ने सभी सुझावों और आपत्तियों को गंभीरता से सुनते हुए यह आश्वासन दिया कि पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण पालन किया जाएगा तथा स्थानीय समुदाय के हित में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

लोकसुनवाई शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। अब जनसुनवाई की कार्यवाही रिपोर्ट पर्यावरणीय स्वीकृति हेतु संबंधित प्राधिकरण को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image