छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

स्कूलों का निरीक्षण कर परीक्षा परिणाम में सुधारने लाने कलेक्टर ने शिक्षकों को दिए निर्देश

 गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में 10वीं एवं 12वीं की आगामी बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी और जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे गुरुवार को पेंड्रा विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने पीएमश्री हिन्दी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंड्रा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकारीपारा एवं शासकीय हाईस्कूल बचरवार का निरीक्षण कर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया तथा अध्ययन-अध्यापन की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान प्रत्येक विद्यालय में शिक्षकों की बैठक लेकर विद्यार्थियों की दर्ज संख्या, पदस्थ शिक्षकों की संख्या, उनकी पदस्थापना तिथि एवं उनके द्वारा पढ़ाए जा रहे विषयों की जानकारी प्राप्त की।


कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम लाने के लिए विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक ड्यूटी निभाकर खानापूर्ति नहीं करें, बल्कि बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए अतिरिक्त प्रयास करें। यदि किसी विषय में विद्यार्थी कमजोर हैं और 45 मिनट का पीरियड पर्याप्त नहीं है तो अतिरिक्त समय देकर उन्हें पढ़ाया जाए। उन्होंने शिक्षकों को नियमित अभ्यास कराने, अभिभावकों से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अर्धवार्षिक परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को और अधिक प्रोत्साहित किया जाए तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देते हुए शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम के लक्ष्य के साथ समर्पण भाव से अध्यापन कार्य कराएं।

Leave Your Comment

Click to reload image