खल्लारी के भालूपारा में आजादी के बाद से सड़क को तरसे ग्रामीण
बालोद |
07-Dec-2023
ग्रामीण पिछले 4 वर्ष से सड़क बनवाने के लिए आवेदन दे चुके है।
फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। ग्राम पंचायत खल्लारी के भालूपारा वार्ड क्रमांक 19 में रमेश कुमार नेताम के घर के पास देश आजादी के बाद से आज तक सीसी रोड का निर्माण हुआ ही नही है। सीसी रोड तो क्या, इस सड़क पर मुरूम भी नही बिछाया जाता। रास्ते में बड़े छोटे पत्थर है जिससे आने जाने वाले ग्रामीणों को चोट भी लगती रहती है। भालूपारा के ग्रामीणों ने प्रशासन से सीसी सड़क निर्माण की मांग पिछले कई वर्षों से बार बार कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नही हो रही।
ग्रामीण बताते है कि जिम्मेदार जान बूझकर इस सड़क का निर्माण नही करवाते है। इस वार्ड 19 के बजाय दूसरे वार्ड में सीसी रोड बना दिया जाता है लेकिन इस वार्ड में आज पर्यंत तक कोई सुनवाई नही होती। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा नहीं है कि गांव के सरपंच और पंचायत सचिव को इसकी जानकारी नहीं है। वे प्रस्ताव बनाने के बजाय उसे भेजने की बात करते हैं, लेकिन कहते हैं कि रुको और दूसरे वार्डों में निर्माण शुरू होगा फिर साथ ही इस वार्ड में भी सड़क बनाई जाएगी। इस दोमुंही बातो से ग्रामीण खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। अब उनके इस रवैये से ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। खल्लारी के भालूपारा वार्ड क्रमांक 19 क्षेत्र सीसी रोड नही होने के कारण ग्रामीणों को बरसात के समय काफी परेशानी उठानी पड़ती है।उन्हे उबड़-खाबड़ रास्तों से गुजरना पड़ रहा है। सीसी रोड के अभाव में गली में पानी बहने की भी शिकायत है। इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
क्षेत्रीय विधायक श्रीमती अनिला भेंडिया से भी ग्रामीणों ने कई बार गुहार लगा चुके है लेकिन वे भी इस और ध्यान नही देती है। जबकि ग्रामीण तीन-चार बार प्रशासन के समक्ष अपनी मांग उठा चुके हैं, लेकिन कोई भी जन प्रतिनिधि जन सरोकार से अंजान बने हैं।
वर्सन
क्षेत्रीय विधायक सहित सरपंच-सचिव को पहले ही इस वार्ड की समस्या बता चुके हैं। लेकिन आज तक कोई सुनवाई नही।
रमेश कुमार नेताम, स्थानीय ग्रामीण
वार्ड क्रमांक 19 का सीसी रोड निर्माण हेतु प्रस्ताव को कार्य योजना में सम्मिलित किया जायेगा। इस बार प्राथमिकता से मंजूरी के लिए आवेदन दिया जायेगा।
-आर के ध्रुव, पंचायत सचिव, ग्राम पंचायत खल्लारी