छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

साल्हेवारा में घर-घर फाइलेरिया उन्मूलन अभियान: मितानिनों ने दिखाई अद्भुत निष्ठा

 साल्हेवारा-- स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत आज साल्हेवारा क्षेत्र में मितानिनों ने घर-घर पहुंचकर दवाइयों का वितरण किया। भीषण दोपहरी और प्रचण्ड गर्मी के बावजूद मितानिन श्रीमती कविता निषाद एवं मोना चक्रधारी ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ पुलिस थाना चौक स्थित मोहल्ले में अभियान को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया।

दोनों मितानिनों ने मोहल्ले के प्रत्येक घर में पहुंचकर लोगों को फाइलेरिया से बचाव की जानकारी दी और अपने सामने दवा सेवन करवाया, ताकि अभियान का प्रभाव सुनिश्चित हो सके। इसी क्रम में श्री राम अवतार शुक्ला के निवास पर उपस्थित दिलीप शुक्ला, श्रीमती उषा शुक्ला, शनि शुक्ला, हिमांशु शुक्ला सहित अन्य चार लोगों को दवाइयां प्रदान की गईं। वहीं स्वास्थ्य मानकों के अनुसार दो छोटे बच्चों को दवा सेवन के लिए अयोग्य पाया गया।
मितानिनों ने नागरिकों को समझाइश दी कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए शासन द्वारा दी जा रही दवा का सेवन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यह दवा पूर्णतः सुरक्षित है और स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार ही वितरित की जा रही है।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग का यह विशेष अभियान क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मितानिनों की मेहनत और जनसहयोग से ही इस अभियान को सफलता मिल सकती है। स्थानीय नागरिकों ने भी मितानिनों के इस समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
 राजनांदगांव से सुरेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट

Leave Your Comment

Click to reload image