छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

फूलों की होली में झूमीं मातृशक्ति गरियाबंद में रंग-गुलाल और गीतों की गूंज श्रीराधे नवल किशोरी महिला मानस समिति का होली मिलन समारोह

राधेश्याम सोनवानी

गरियाबंद। International Women’s Day के अवसर पर Shri Radhe Naval Kishori Mahila Manas Samiti द्वारा होली मिलन एवं महिला दिवस का संयुक्त आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंगल हटरी शीतला पारा भवन में हुआ, जहां समिति की मातृशक्तियों ने फूलों और रंग-बिरंगी गुलाल से सूखी होली खेलकर पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।


कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने फाग गीत, भजन और कविताओं की प्रस्तुति दी। ढोलक और मंजीरे की थाप पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और पूरे वातावरण को गुलाबी रंग में रंग दिया।

समिति की अध्यक्ष मंजरी गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन पिछले तीन वर्षों से लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन की तर्ज पर फूलों की होली खेलकर पानी की बचत का संदेश भी दिया जाता है। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण पर आधारित गीत और कविताओं के माध्यम से महिलाओं को प्रोत्साहित किया गया कि वे अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर कुछ पल अपने लिए भी जिएं और खुशियां साझा करें।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बिंदु सिन्हा और वार्ड पार्षद पुष्पा साहू भी शामिल हुईं। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को आगे बढ़ने और समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। समिति की ओर से दोनों अतिथियों का शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि तीज-त्योहार, सावन उत्सव और होली मिलन जैसे आयोजनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति को जीवित रखना उनका मुख्य उद्देश्य है। होली ऐसा पर्व है जो आपसी गिले-शिकवे भुलाकर सभी को एक सूत्र में पिरोने का संदेश देता है।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष मंजरी गुप्ता ने सभी उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रंगपंचमी का यह पर्व जीवन में प्रेम, सद्भाव और आनंद के रंग भरने का संदेश देता है, वहीं महिला दिवस समाज और परिवार को नई दिशा देने वाली महिलाओं को सम्मान देने का अवसर है।

इस अवसर पर बिंदु सिन्हा, पुष्पा साहू, मंजरी गुप्ता, शशिप्रभा सिन्हा, पुष्पा यादव, अनुराधा निर्मलकर, नेहा यादव, चित्ररेखा वर्मा, वंदिता यादव, मीनाक्षी ठाकुर, चित्ररेखा ध्रुव, सुमन बी.पी. देवांगन, सुमन एन. देवांगन, दीपा साहू, विमला साहू, कुसुमलता सिन्हा, अभिलाषा उपाध्याय, लोकेश्वरी पाल, श्यामबती साहू, हेमलता सिन्हा, रेखा सिन्हा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही।

Leave Your Comment

Click to reload image