छत्तीसगढ़ / बीजापुर

भोपालपटनम क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली गतिः निर्माण कार्यों का निरीक्षण, आवास चौपाल में हितग्राहियों को किया गया प्रेरित

बीजापुर 11 मार्च 2026


भोपालपटनम ब्लॉक के ग्राम पंचायत अंगमपल्ली के आश्रित गांव धनगोल और सोमनपल्ली तथा ग्राम पंचायत केसाईगुड़ा में विभिन्न विकास कार्यों का अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिया निर्माण, स्कूल भवन निर्माण तथा आंगनबाड़ी भवन मरम्मत जैसे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया और कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय.सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मनरेगा के अंतर्गत संचालित प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इन कार्यों में अधिक से अधिक स्थानीय श्रमिकों को नियोजित किया जाए ताकि ग्रामीणों को रोजगार के अवसर मिल सकें और निर्माण कार्य भी शीघ्र पूर्ण हो सकें।

इसके अलावा ग्राम पंचायत अंगमपल्ली में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के लिए जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में उपस्थित हितग्राहियों को अप्रारंभ आवासों को शीघ्र प्रारंभ करने तथा जिन आवासों का निर्माण कार्य अपूर्ण है, उन्हें तेजी से प्रगति लाकर जल्द पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने आवास निर्माण से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं और योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।
 
इस अवसर पर ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए, जिनका त्वरित समाधान करने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
क्षेत्र में चल रहे इन विकास कार्यों से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और लोगों ने उम्मीद जताई कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

Leave Your Comment

Click to reload image