छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

जिला स्तरीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया गया प्रेरित

 दंतेवाड़ा, 14 मार्च 2026

जनपद पंचायत दंतेवाड़ा में कल जिला स्तरीय संवेदनशीलता एवं जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले की महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के प्रति प्रेरित करना तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को बताया गया कि किस प्रकार छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना जा सकता है। साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों तथा शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण, बेकरी, मसाला निर्माण, आचार, पापड़ तथा मिलेट आधारित उत्पाद जैसे छोटे उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं, जिनके लिए सरकार द्वारा प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम इस पहल की नोडल एजेंसी है तथा चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दंतेवाड़ा जिले में इस कार्यक्रम का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने भाग लेकर उद्यमिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। प्रतिभागियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं और युवाओं को शासकीय योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार प्रारंभ करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image