छत्तीसगढ़ / बस्तर

25 मार्च तक जमा करने होंगे बजट देयक, कोषालय अधिकारी ने जारी किए निर्देश

 जगदलपुर, 20 मार्च 2026

वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति के साथ ही सरकारी भुगतानों को समय पर पूरा करने की कवायद तेज हो गई है। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला कोषालय अधिकारी श्री अनिल कुमार पाठक ने बस्तर जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। जारी आदेश के तहत चालू वित्तीय वर्ष के बजट से संबंधित सभी प्रकार के देयक कोषालय या उप-कोषालयों में स्वीकार करने की अंतिम तिथि 25 मार्च तक तय की गई है। वरिष्ठ कोषालय अधिकारी ने सभी आहरण संवितरण अधिकारियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए यथासंभव जल्द देयक प्रस्तुत करें और 25 मार्च को दोपहर 4 बजे तक हर हाल में जमा करना सुनिश्चित करें, ताकि तकनीकी मिलान और ई-कुबेर के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।
    इस व्यवस्था के अंतर्गत एसएनए स्पर्श के माध्यम से होने वाले भुगतानों के लिए स्वीकृति की अंतिम तिथि 30 मार्च तक रखी गई है। महत्वपूर्ण बात यह है कि यदि 25 मार्च तक जमा किए गए देयकों पर कोषालय द्वारा कोई आपत्ति लगाई जाती है, तो उनके निराकरण के बाद पुनः प्रस्तुतीकरण पर भी यही समय-सीमा लागू होगी। हालांकि, कुछ विशेष मामलों को इस समय-सीमा से छूट दी गई है, जिनमें केंद्र सरकार से प्राप्त शत-प्रतिशत सहायता राशि, विधायकों के स्वत्वों से जुड़े देयक और 25 मार्च के बाद वित्त विभाग से प्राप्त विशेष स्वीकृतियां शामिल हैं। 

Leave Your Comment

Click to reload image