अग्निवीर भर्ती 2026 : जिले के युवाओं को मिला मार्गदर्शन, कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न
दंतेवाड़ा, 20 मार्च 2026
जिला रोजगार कार्यालय दंतेवाड़ा के तत्वावधान में एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं आदर्श महाविद्यालय जवांगा में अग्निवीर भर्ती 2026 हेतु विशेष मार्गदर्शन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों की अग्निवीर योजना के अंतर्गत भर्ती प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, चयन के विभिन्न चरणों एवं तैयारी के तरीकों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में रिटायर्ड सूबेदार श्री दिनार्थो पान एवं रिटायर्ड हवलदार श्री मुन्नू स्वामी ने प्रतिभागियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा, मेडिकल टेस्ट तथा दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने समय प्रबंधन, प्रभावी अध्ययन रणनीति तथा बेहतर शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करती हैं और उनमें देशसेवा के प्रति प्रेरणा जागृत करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आगामी भर्ती प्रक्रिया के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया, जिससे उन्हें भर्ती प्रक्रिया की स्पष्ट समझ प्राप्त हुई।