छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर सुरगी का किया निरीक्षण

 राजनांदगांव । कलेक्टर  जितेन्द्र यादव ने आज सुबह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर सुरगी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रत्येक दिवस के लिए अलग-अलग रंग के बेडशीट निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार रखने के निर्देश दिए, ताकि अस्पताल में बेहतर प्रबंधन एवं स्वच्छता बनी रहे। उन्होंने एनसीडी जांच शिविर में आने वाले मरीजों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित करने कहा, जिससे स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर बीमारियों से बचाव किया जा सके। कलेक्टर ने एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की जानकारी ली और सेक्टर की 14 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनआर नवरतन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक  संदीप ताम्रकार एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेंद्र वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 

Leave Your Comment

Click to reload image