छत्तीसगढ़ / कोंडागांव

कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर दिया जोर

 कोंडागांव । कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने कार्यक्रम, नियद नेल्लानार तथा राजस्व पखवाड़ा के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच की प्रगति की समीक्षा करते हुए सिकल सेल, टीबी, एनीमिया सहित अन्य बीमारियों की बेहतर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने श्रम पंजीयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए शिविरों के माध्यम से अधिकाधिक पंजीयन कराने तथा निर्माण स्थलों पर कार्यरत सभी श्रमिकों का अनिवार्य रूप से पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने धान उठाव, कस्टम मिलिंग एवं राशन दुकानों में भंडारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों को स्वयं स्वगणना करने एवं अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

स्वच्छता सर्वेक्षण की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने नगरीय निकायों में कचरा सेग्रिगेशन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ‘कबाड़ से जुगाड़’ गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पेंशन प्रकरणों का समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ निराकरण करने हेतु सभी अधिकारियों को निर्देशित किया।

बैठक में ज्ञान भारतम अभियान, जल संचय में जनभागीदारी, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री पोषण अभियान एवं जल जीवन मिशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image