समाज के सभी वर्गों को मिल रहा है शासकीय योजनाओं का लाभ: विधायक श्री मरपची
गौरेला पेंड्रा मरवाही |
2026-05-02 14:36:44
गौरेला पेंड्रा मरवाही : समाज के सभी वर्गों को मिल रहा है शासकीय योजनाओं का लाभ: विधायक श्री मरपची
जन समस्या निवारण शिविर सेमरदर्री में विधायक, कलेक्टर सहित अनेक जनप्रतिनिधि हुए शामिल
विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित
शिविर में मांग एवं शिकायत से संबंधित कुल 616 आवेदन प्राप्त
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 1 मई 2026
सुशासन तिहार के अंतर्गत मरवाही जनपद के अंतिम छोर के कलस्टर ग्राम पंचायत सेमरदर्री में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने उपस्थित होकर विभिन्न मांगो, समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए और विभागीय स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्राप्त किए। शिविर में विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची एवं कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन और जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित हुए। जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों के संबंध में प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली।
विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में जनकल्याकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने और आमजनों की समस्याओं का प्रभावी निराकरण के लिए सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। सुशासन तिहार के दौरान जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन कर लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण और पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उनहोंने कहा कि सेमरदर्री मरवाही जनपद के अंतिम छोर का गांव है। यहां आयोजित शिविर में 18 ग्राम पंचायतों के लोगों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी पंचायत के ग्रामीण किसी भी शिविर में जाकर अपनी समस्या बता सकते हैं। इसके लिए कोई बाध्यता नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में पृथक छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद से शासन की योजनाओं का लाभ सभी वर्ग के लोगों को मिल रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा एवं उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह तथा जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बूंदकुंवर मास्को ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजनों की सुविधा के लिए 1 मई से 10 जून तक जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने शिविरों में ग्रामीण जनों को उपस्थित होकर अपनी समस्याओं से अवगत कराने तथा विभिन्न योजनाओं को सुनने, समझने और पात्रता के अनुसार उसका लाभ लेने कहा।
कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में सुशासन तिहार के अंतर्गत जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसका उददेश्य आमजनों की समस्याओं का समाधान करना और योजनाओं की जानकारी देना तथा पात्रता अनुसार लाभान्वित करना है। उन्होंने कहा कि शिविर में सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। शिविर में मांग एवं शिकायत से संबंधित कुल 616 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसका निराकरण संबंधित विभागों द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर निराकृत होने वाले प्रकरणों को जनप्रतिनिधियों के सहयोग से निराकृत करने भरसक प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण, ड्राइविंग लाइसेंस तथा ई-केवाईसी किया गया। जिले में 13 जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें 10 ग्रामीण क्षेत्रों में तथा 3 शिविर नगरीय निकायों में शामिल हैं।
शिविर में सभी विभागों के जिला अधिकारियों द्वारा बारी-बारी से विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। राजस्व विभाग द्वारा 11 हितग्राहियो को आबादी पटटी, एक हितग्राही को वन अधिकार फौती पश्चात किसान किताब और एक हितग्राही को नवीन किसान किताब वितरित किया गया। परिवहन विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को ड्राइविंग लाईसेंस, मछली पालन विभाग द्वारा दो हितग्राहियों को जाल एवं ट्रे और महिला एवं बाल विकास विभाग की योजना के तहत चार गर्भवती माताओं की गोदभराई, एक बच्चे का अन्न प्राशन और 11 बालिकायों को नोनी सुरक्षा योजना से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेमरदर्री के कक्षा 10वीं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त दो विद्यार्थीयों को सम्मानित भी किया गया।
शिविर में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती राधा मुरारी लाल रैदास, जनपद सदस्य श्रीमती किशमिश भानू, श्री किशन ठाकुर, श्री हेमचंद मरावी, श्री अजय रजक, श्री शंकर चक्रधारी, श्री पारस चौधरी, श्री महेश पाव, श्री दिनेश मास्को, श्रीमती गंगोत्री मास्को, श्रीमती ममता पाव, एसडीएम देवेन्द्र सिरमोर, तहसीलदार प्रीती शर्मा, सीईओ विनय सागर सहित विभिन्न विभागों के जिला, अनुविभाग एवं खण्डस्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।