छत्तीसगढ़ / बस्तर

विश्व रेड क्रॉस दिवस पर महारानी अस्पताल में महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

 जगदलपुर : विश्व रेड क्रॉस दिवस पर महारानी अस्पताल में महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

 
 
 बड़ी संख्या में महिलाओं ने उठाया लाभ
 
जगदलपुर, 8 मई 2026
विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर आज जगदलपुर के ऐतिहासिक महारानी अस्पताल में महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की एक नई मिसाल देखने को मिली। महामहिम राज्यपाल के निर्देशों के परिपालन में और जिला प्रशासन बस्तर के कुशल मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय द्वारा एक विशेष महिला स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें गंभीर बीमारियों के प्रति न केवल जागरूक करना था, बल्कि उनके द्वार तक प्रारंभिक जांच और विशेषज्ञ उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना भी रहा।

    शिविर के दौरान अस्पताल परिसर में चिकित्सा जगत की आधुनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे नजर आईं, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में महिलाओं की कैंसर स्क्रीनिंग, स्त्री रोग संबंधी जटिल परीक्षण और सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने उपस्थित महिलाओं को परामर्श देते हुए इस बात पर विशेष बल दिया कि बीमारियों का समय पर पता चलना ही उनके सफल उपचार की पहली सीढ़ी है। कार्यक्रम में सांसद श्री महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक श्री किरण देव, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक श्री दिनेश कश्यप, महापौर श्री संजय पांडेय एवं नगर निगम की स्वास्थ्य समिति के सभापति श्री लक्ष्मण झा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन सभी अतिथियों ने जिला चिकित्सालय के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण ही एक स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज का आधार है।

    इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान के सफल संचालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक और सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण रही कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति चेतना का विस्तार हो रहा है। कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह विश्वास दिलाया गया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष शिविरों का आयोजन सतत रूप से जारी रखा जाएगा, ताकि बस्तर की हर महिला को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकें।
 

Leave Your Comment

Click to reload image