डोंगरगढ:धर्म नगरी डोंगरगढ़ में सामाजिक एवं धार्मिक विषयों को लेकर नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डोंगरगढ़ एम. भार्गव से सौजन्य मुलाकात कर नगर हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस दौरान नगर के धार्मिक आयोजनों, सामाजिक गतिविधियों, व्यवस्थाओं एवं जनसहयोग से जुड़े विषयों को प्रमुखता से रखा गया।
प्रतिनिधिमंडल में सोन कुमार सिन्हा ने श्री जटाशंकर मंदिर एवं नगर में होने वाले धार्मिक आयोजनों से संबंधित विषयों को रखा। वहीं श्रीमती ज्योति साहू ने धार्मिक स्थलों के विकास एवं सामाजिक सहयोग की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।
इसी प्रकार श्रीमती ज्योति बड़वाइक ने महिला सहभागिता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। जितेंद्र ठाकुर एवं रितेश सक्सेना ने सेवा कार्यों एवं जनहित योजनाओं को लेकर सुझाव प्रस्तुत किए। वहीं प्रदीप सिसोदिया ने धार्मिक आयोजनों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सहयोग संबंधी विषयों को प्रशासन के समक्ष रखा।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एम. भार्गव ने उपस्थित सभी सदस्यों की बातों को गंभीरता एवं विस्तार से सुना। उन्होंने कहा कि डोंगरगढ़ अपनी धार्मिक पहचान, शांति एवं भाईचारे के लिए पूरे क्षेत्र में विशेष स्थान रखता है। यहां सभी धर्म एवं समाज के लोग आपसी सौहार्द के साथ निवास करते हैं तथा एक-दूसरे के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं।
उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि मुलाकात के दौरान जिन विषयों पर चर्चा हुई है, उन्हें संबंधित विभागों तक प्रेषित किया जाएगा तथा प्रशासनिक स्तर पर जो भी संभव सहयोग होगा, उसे प्राथमिकता के साथ करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर कोमल साहू, नीलम साहू सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े अन्य लोग भी उपस्थित रहे। मुलाकात का वातावरण सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक रहा।