विधायक सुश्री लता उसेंडी ने ग्राम बम्हनी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवन का किया लोकार्पण
कोण्डागांव, 29 मई 2026
बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी ने गुरुवार को ग्राम बम्हनी में 16 लाख 36 हजार रुपए की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य (आयुष) मंदिर भवन का लोकार्पण किया।
लोकार्पण अवसर पर विधायक सुश्री उसेंडी ने कहा कि राज्य शासन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आयुर्वेद आधारित उपचार एवं परामर्श की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि आयुष पद्धति हमारी पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो प्राकृतिक एवं सुरक्षित उपचार पद्धति के रूप में लोकप्रिय है। शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष सेवाओं को बढ़ावा देकर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रामदई नाग, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र ठाकुर, सरपंच श्रीमती कविता पोयाम, श्री हितेंद्र झा, श्री विक्रम शोरी, श्री अजय सिंह परिहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।