छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

अर्थाभावग्रस्त होनहार कलाकारों और विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना 30 जून तक कर सकेंगे आवेदन

गरियाबंद, 18 जून 2026
जिले के स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित अर्थाभावग्रस्त होनहार युवा कलाकारों, छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी एवं युवा कलाकार योजना की नियमावली और आवेदन प्रारूप डाउनलोड कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र आदिवासी विकास विभाग, गरियाबंद के कक्ष क्रमांक-56 में 30 जून को दोपहर 1ः00 बजे तक अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।
योजना के तहत आवेदक का छत्तीसगढ़ का निवासी होना आवश्यक है। आवेदक अथवा उसके परिवार की वार्षिक आय 72 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए तथा आयु 15 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। भारत सरकार या राज्य सरकार की किसी अन्य छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्राप्त कर रहे विद्यार्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। योजना में लोक विधा के कलाकारों के साथ-साथ गुरु-शिष्य परंपरा के अंतर्गत पिछले छह माह से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षार्थियों को भी अवसर दिया जाएगा। प्रत्येक जिले से ऐसे दो प्रशिक्षार्थियों का चयन जिलाध्यक्ष की अनुशंसा के आधार पर किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा श्रेणी में मान्यता प्राप्त विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत मैट्रिक, हायर सेकेंडरी अथवा समकक्ष स्तर के विद्यार्थियों को संस्था प्रमुख की अनुशंसा के आधार पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वहीं उच्च शिक्षा श्रेणी में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं समकक्ष पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के अलावा फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) पुणे, सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट कोलकाता, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा दिल्ली तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी संस्था प्रमुख की अनुशंसा पर योजना का लाभ दिया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image