छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

गरियाबंद में परिवहन सुविधा केन्द्रों के लिए आवेदन आमंत्रित

30 जून तक कर सकेंगे आवेदन
गरियाबंद, 18 जून 2026
छत्तीसगढ़ शासन परिवहन विभाग की परिवहन सुविधा केन्द्र मार्गदर्शिका-2022 के तहत जिले में कुल 10 परिवहन सुविधा केन्द्र स्थापित किए जाने हैं। जिला परिवहन कार्यालय द्वारा इसके लिए इच्छुक एवं पात्र आवेदकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सुविधा केन्द्रों के आबंटन में जिले के स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी। परिवहन सुविधा केन्द्रों के माध्यम से आम नागरिकों को लर्निंग लाइसेंस जारी करने सहित परिवहन विभाग की विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। केन्द्रों का आबंटन पूर्व में आबंटित क्षेत्रों को छोड़कर जनसंख्या एवं मांग के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक आवेदक 200 रुपये निर्धारित शुल्क जमा कर जिला परिवहन कार्यालय गरियाबंद में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 शाम 5ः30 बजे निर्धारित की गई है। आवेदक के पास न्यूनतम 100 वर्गफुट का स्वयं का अथवा किराये का भवन, जीएसटी या गुमास्ता प्रमाण पत्र, पार्किंग सुविधा, कम्प्यूटर, इंटरनेट, बायोमेट्रिक उपकरण, सीसीटीवी कैमरा तथा अन्य आवश्यक तकनीकी संसाधन होना अनिवार्य है। आवेदक का 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण तथा डीसीए, पीजीडीसीए या समकक्ष कम्प्यूटर योग्यता धारक होना भी आवश्यक है।
सामान्य आवेदकों के लिए एक लाख रुपये तथा महिलाओं, दिव्यांगजनों, थर्ड जेंडर एवं गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले आवेदकों के लिए 25 हजार रुपये की बैंक गारंटी निर्धारित की गई है। साथ ही पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी चरित्र प्रमाण पत्र संलग्न करना भी अनिवार्य होगा। विस्तृत नियम एवं शर्तों की जानकारी जिला परिवहन कार्यालय गरियाबंद से कार्यालयीन समय में प्राप्त की जा सकती है।

Leave Your Comment

Click to reload image