छत्तीसगढ़ / बस्तर

श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा देश के बेहतरीन आवासीय विद्यालयों में मुफ्त शिक्षा का मौका

 ऑनलाइन आवेदन 03 जुलाई तक

जगदलपुर 25 जून 2026

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी एवं प्रतिभाशाली बच्चों को देश के बेहतरीन आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए श्रम पदाधिकारी श्री भूपेन्द्र नायक ने बताया कि इसके तहत चयनित विद्यार्थियों को सीधे कक्षा 6वीं में प्रवेश प्रदान किया जाएगा और कक्षा 12वीं तक उनकी पढ़ाई, आवास और भोजन की सुविधा पूरी तरह से निःशुल्क रहेगा। इस कल्याणकारी योजना का लाभ उठाने के लिए जिला प्रशासन और श्रम विभाग ने पात्र छात्र-छात्राओं से आगामी 03 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

         इस योजना का लाभ उठाने के लिए विभाग द्वारा कुछ जरूरी पात्रता शर्तें तय की गई हैं, जिसके अनुसार यह सुविधा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के केवल प्रथम दो बच्चों को ही मिल सकेगी, बशर्ते श्रमिक का पंजीयन आवेदन की तिथि से कम से कम एक वर्ष पुराना हो। इसके अतिरिक्त कक्षा 6वीं में दाखिला हेतु विद्यार्थी की आयु 10 वर्ष से 12 वर्ष के मध्य होना आवश्यक है और उसने पिछले शैक्षणिक वर्ष में छत्तीसगढ़ शासन या किसी भी मान्यता प्राप्त विद्यालय से नियमित छात्र के रूप में अध्ययन किया हो। जो भी अभिभावक इस योजना के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे एक वर्ष पुराना निर्माण श्रमिक पंजीयन कार्ड, विद्यार्थी का निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, कक्षा 5वीं की अंकसूची तथा वर्तमान कक्षा में अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र लेकर अपने नजदीकी लोक सेवा केंद्र, जिला श्रम पदाधिकारी कार्यालय या संबधित जनपद पंचायत स्थित श्रम संसाधन केंद्र के माध्यम से अपना ऑनलाइन आवेदन नियत तिथि तक कर सकते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image