छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा से सकुशल लौटे विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची एवं श्रद्धालुओं का हुआ भव्य स्वागत

 गौरेला पेंड्रा मरवाही, 27 जून 2026

छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति एवं राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा से सकुशल लौटे विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची एवं जिले के श्रद्धालुओं का आज गौरेला स्थित सर्किट हाउस के समीप मुख्य मार्ग पर नागरिकों द्वारा भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। स्वागत कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद गौरेला की उपाध्यक्ष श्रीमती रोशनी तापस शर्मा, जिला पंचायत सदस्य श्री राजेश नंदिनी आर्मो, श्री बृजलाल सिंह राठौर, श्री तापस शर्मा, श्री अजय तिवारी, श्री सचिन जैन, श्री अजय राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पमालाओं एवं पुष्पवर्षा के साथ यात्रा दल का अभिनंदन कर उनका स्वागत किया।
          उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति एवं राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से चयनित 21 विशिष्टजनों का प्रतिनिधिमंडल गत 22 जून को विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची के नेतृत्व में रायपुर रेलवे स्टेशन से गुजरात स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भगवान सोमनाथ के दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। यात्रा से लौटने पर श्रद्धालुओं ने इसे आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत प्रेरणादायी अनुभव बताते हुए सरकार के इस अभिनव प्रयास की सराहना की।

Leave Your Comment

Click to reload image