छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

पुलिस अफसरों का डर दिखाकर लाखों की उगाही, एक गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

रिपोर्ट: हनीफ बख्श, बिलासपुर

बिलासपुर। थाना तारबाहर क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों के नाम पर डर दिखाकर लाखों रुपये की उगाही करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र के मोहदा निवासी रूपेश पटेल 19 जून को निजी कार्य से बिलासपुर आया था। इस दौरान उसकी दो महिला मित्रों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद वह अपनी शिकायत लेकर थाना तारबाहर पहुंचा।
थाने पहुंचने के बाद घबराए रूपेश ने अपने मित्र सचिन मेहर को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसी दौरान कुछ लोगों ने स्थिति का फायदा उठाते हुए उसे पुलिस अधिकारियों के नाम पर डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने कार्रवाई से बचाने और मामला रफा-दफा कराने का झांसा देकर उससे लाखों रुपये की उगाही कर ली।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना तारबाहर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि कानून का भय दिखाकर किसी भी प्रकार की उगाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image