छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

कलेक्टर ने राजस्व विभाग के काम-काज की समीक्षा की

  गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 3 जुलाई 2026

कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की तहसीलवार समीक्षा की। उन्होंने स्वामित्व योजना, वनाधिकार पत्र, नक्शा बटांकन, सीमांकन, भूमि आबंटन सहित सभी राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण और लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन की जिले में बेहतर प्रगति पर कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग का मूल कार्य सीमांकन, नामांतरण, फौती नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार तथा किसान किताब से जुड़े मामलों का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने बताया कि विभागीय कार्यों में सुधार हुआ है और सीमांकन, फौती नामांतरण, बंटवारा तथा त्रुटि सुधार से संबंधित आवेदनों के निपटारे में गति आई है।
         कलेक्टर ने अविवादित एवं विवादित नामांतरण तथा बंटवारा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि अविवादित नामांतरण और अविवादित बंटवारे का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने आधार प्रविष्टि, अभिलेख शुद्धता, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, भू-अर्जन मामलों में मुआवजा वितरण, बकाया राजस्व वसूली, अतिक्रमण हटाने, आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता, उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत मामलों की भी समीक्षा कर समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एसडीएम पेंड्रारोड विक्रांत अंचल, एसडीएम मरवाही देवेन्द्र सिरमौर, डिप्टी कलेक्टर अमित बेक सहित जिले के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधीक्षक भू-अभिलेख और राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image