छत्तीसगढ़ / कोरिया

तेज बारिश में सुरक्षित आशियाने का आनंद ले रहे हैं सुंदरलाल

 बैकुण्ठपुर । 

  कोरिया जिले में भी अब मानसून ने अपना रंग दिखाना आरंभ कर दिया है। जिले में बीते तीन चार दिनो से रूक रूक कर हो रही तेज बारिश के बीच भी बैकुण्ठपुर जनपद के ग्राम जूनापारा में रहने वाले सुंदरलाल अपने परिवार के साथ रात को चैन की नींद सो रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना से मिले पक्के मकान ने उनके परिवार के जीवन में सुख की एक नई परिभाषा लिख दी है। बारिश में अब यह परिवार कच्चे खपरैल घर की चिंता से मुक्त होकर खेती किसानी के लिए मेहनत करने में जुट गया है।

कच्चे घर का संकट

जूनापारा निवासी सुंदरलाल का परिवार बारिश में इतना निश्चिंत कभी नहीं रह पाता था बारिश के दिनों में उनके कच्चे मकान की समस्या आए दिन उन्हे परेशान करती थी। खेती के दिनों में दिन भर हाड़तोड मेहनत करके जब परिवार रात को आराम करने के लिए कच्चे घर में आता तो टपकती खपरैल उनके बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा की दृष्टि से बेहद कष्टकारी हो जाती थीं। ऐसे में पूरा परिवार परेशान रहता था।

आवास ने बदली तस्वीर

आर्थिक स्थिति कमजोर होने से सुंदरलाल अपने लिए एक पक्का मकान बनाने में सक्षम नहीं थे ऐसे में गत वित्तीय वर्ष में उन्हे प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उन्हे पक्के मकान का लाभ स्वीकृत हुआ। शासकीय अनुदान राशि के साथ 90 दिन की मजदूरी से उन्हे बड़ा लाभ मिला और पूरे परिवार ने जुटकर अपना सपनों का आशियाना तैयार कर लिया।

हर मौसम में सुकून

पक्के आवास में रहने वाले हितग्राही सुंदरलाल ने कहा कि अब मौसम और सुरक्षा को लेकर कोई चिंता नहीं है। बच्चियों को पढ़ने के लिए सुरक्षित आवास हो गया। रात को बारिश तूफान में भी अब किसी तरह की कोई चिंता नहीं रहती है।

Leave Your Comment

Click to reload image