छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

पुल-पुलियों पर पानी होने की स्थिति में नहीं करें पार - कलेक्टर श्री उइके

 भारी बारिश की संभावना को देखते हुए कलेक्टर श्री उइके ने की सावधानी बरतने की अपील

गरियाबंद, 06 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने पिछले कुछ दिनों से जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलेवासियों से अपील की है कि वे नदी-नालों, तालाबों तथा पुल-पुलियों के आसपास सावधानी बरतें। उन्होंने कहा है कि आने वाले दिनों में भी वर्षा की संभावना बनी हुई है। कई स्थानों पर बारिश का पानी सड़कों एवं पुल-पुलियों के ऊपर से बहने की सूचना मिल रही है। ऐसे में उन्होंने नागरिकों से भारी बारिश के दौरान सुरक्षित रहने तथा पूरी सावधानी के साथ आवागमन करने की अपील की है।
कलेक्टर श्री उइके ने विशेष रूप से स्कूली बच्चों से अपील की है कि यदि किसी पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है तो उसे पार न करें। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान देने को कहा है। कलेक्टर ने अधिक जलभराव वाले पुल-पुलियों को पार नहीं करने के संबंध में लोगों को जागरूक करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। अधिक जलभराव वाले, क्षतिग्रस्त तथा डायवर्सन वाले पुल-पुलियों एवं सड़कों के किनारे सूचना बोर्ड लगाए गए हैं।
कलेक्टर श्री उइके ने कहा है कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही जान-माल के लिए खतरा बन सकती है। इसलिए सभी नागरिक आवश्यक सावधानियों का पालन करें। उन्होंने कहा है कि बारिश के दौरान नदी-नालों से रेत उत्खनन पूर्णतः प्रतिबंधित है। ऐसे कार्यों से दूर रहें तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने नागरिकों से मौसम संबंधी जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image