छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

जिले के युवाओं के लिए ’’माय भारत’’ पंजीयन अभियान और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना पर जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित

दंतेवाड़ा, 09 जुलाई 2026

आज जिला समन्वय समिति (डीएससी) की बैठक जिला शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा नवगुरुकुल के प्राचार्य एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में युवाओं के लिए ’’माय भारत’’ संगठन के अंतर्गत चलाए जा रहे सघन पंजीयन अभियान तथा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना ( पीएमआईएस ) के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी श्री आदित्य पांडेय ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से अनुरोध  किया कि वे 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं का ’’माय भारत’’ पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करें। इसके लिए प्रत्येक संस्थान में एक नोडल अधिकारी एवं कैंपस एम्बेसडर नामित करने को भी कहा। ताकि पंजीयन अभियान को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।

बैठक में सभी संस्थानों को विद्यार्थियों से नशा मुक्ति ई-प्रतिज्ञा दिलाने के लिए भी प्रेरित किया गया, जिससे युवाओं में नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। इसके साथ ही प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के सफल संचालन हेतु सभी शिक्षण संस्थानों से सहयोग करने तथा अपने-अपने परिसरों में पीएमआईएस कार्यशाला आयोजित करने का आग्रह किया गया, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी योजना की जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ उठा सकें। बैठक में उपस्थित सभी प्राचार्यों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अभियान और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।  

Leave Your Comment

Click to reload image