छत्तीसगढ़ / महासमुंद

जल जीवन मिशन ने 356 परिवारों के जीवन में लाई खुशहाली, अब घर-घर पहुंच रहा शुद्ध पेयजल

 महासमुंद 10 जुलाई 2026

कभी पेयजल के लिए लंबी दूरी तय करने को मजबूर रहने वाला विकासखंड पिथौरा के ग्राम पंचायत ठाकुर दिया खुर्द में जल जीवन मिशन की बदौलत स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणजनों की दैनिक दिनचर्या आसान हुआ है। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी, ग्राम पंचायत के प्रभावी नेतृत्व और जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप 24 अप्रैल 2026 को आयोजित ग्राम सभा में गांव को आधिकारिक रूप से हर घर जल प्रमाणित किया गया।
जल जीवन मिशन के तहत गांव के 356 परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग 124.65 लाख रुपये की लागत से जल प्रदाय योजना का निर्माण किया गया। योजना के तहत उच्च स्तरीय जलागार का निर्माण, लगभग 5,940 मीटर लंबी पाइपलाइन का विस्तार तथा घर-घर नल कनेक्शन के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की गई। इसके अतिरिक्त गांव में 15 पावर पंप एवं 4 हैंडपंप उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से निर्बाध जल वितरण किया जा रहा है।
जल जीवन मिशन की यह सुविधा घरों के साथ ग्राम पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र, तीन विद्यालय, दो आंगनबाड़ी केंद्र तथा सामुदायिक शौचालय में भी नल जल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों, महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की बेहतर सुविधा मिलने लगी है, जिससे स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को भी बढ़ावा मिला है। योजना की दीर्घकालीन सफलता सुनिश्चित करने के लिए ग्रामसभा द्वारा प्रत्येक परिवार से 60 रुपये प्रतिमाह जलकर लेने का निर्णय लिया गया। यह राशि ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के बैंक ऑफ बड़ौदा, पिथौरा स्थित खाते में जमा की जाती है। इसी निधि से योजना का नियमित संचालन, रखरखाव एवं आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाते हैं, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था निरंतर सुचारु बनी रहती है।
गांव में जलापूर्ति व्यवस्था का संचालन पंप ऑपरेटर श्री तुलेश ध्रुव द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है। वहीं ग्राम पंचायत के सरपंच श्री मनोज सिंह, सचिव श्रीमती दुर्गा डडसेना तथा ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति ने योजना के प्रभावी संचालन एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
ग्राम ठाकुरदिया खुर्द की निवासी श्रीमती कुसुम साहू बताती हैं, पहले पीने का पानी लाने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। इसमें समय और मेहनत दोनों लगते थे। अब हर घर जल योजना के तहत हमारे घर तक नियमित रूप से शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। इससे हमारी सबसे बड़ी चिंता दूर हो गई है। अब समय की बचत होती है, परिवार को स्वच्छ पानी मिलता है और बच्चों की देखभाल के लिए भी अधिक समय मिल जाता है। इसके लिए ग्रामीणजनों ने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave Your Comment

Click to reload image