जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर की सचिव द्वारा थाना ओड़गी एवं झिलमिली का किया गया आकस्मिक निरीक्षण
सूरजपुर/11 जुलाई 2026
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर श्री थॉमस एक्का के मार्गदर्शन में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर की सचिव सुश्री पायल टोपनो द्वारा थाना ओड़गी एवं झिलमिली का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
यह निरीक्षण ष्बचपन बचाओ आंदोलनष् के अंतर्गत थानों में नियुक्त पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवीएस) के कार्यों की समीक्षा करने के उद्देश्य से किया गया। निरीक्षण के दौरान सचिव महोदया ने थाना तक आने वाले फरियादियों, विशेष रूप से बच्चों से संबंधित मामलों की निगरानी, गरीब एवं कमजोर वर्गों तक निःशुल्क विधिक सहायता एवं सुगम न्याय पहुंचाने में पैरा लीगल वॉलंटियर्स की भूमिका की विस्तृत समीक्षा की।
सचिव ने दोनों थाना प्रभारियों से पैरा लीगल वॉलंटियर्स की उपस्थिति, उनके दायित्वों एवं अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही थाना में आम नागरिकों के लिए उपलब्ध डिजिटल एवं भौतिक (फिजिकल) सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि थाना ओड़गी एवं थाना झिलमिली में नियुक्त दोनों पैरा लीगल वॉलंटियर्स बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित थे। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर का उद्देश्य आमजन, विशेषकर बच्चों, महिलाओं, गरीब एवं कमजोर वर्गों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाना तथा न्याय तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर 07775-299122
dlsa.surajpur\gmail.com नालसा टोल फ्री विधिक सहायता: 15100 पर संपर्क कर सकते है।