विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस की बैठक, सरकार को घेरने की बनेगी रूपरेखा
रायपुर।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक रविवार को आयोजित होगी। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में विधानसभा के भीतर भाजपा सरकार को विभिन्न जनहित के मुद्दों पर घेरने की रणनीति तय की जाएगी।
बैठक में हाल ही में हुए नकटी बुलडोजर कांड को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए सरकार को घेरने की तैयारी की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश में खाद संकट, कानून-व्यवस्था, जल जीवन मिशन की प्रगति और बिजली संबंधी समस्याओं जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की रणनीति विधानसभा सत्र के दौरान हर दिन एक महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव लाने की है, ताकि सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर किया जा सके। इस प्रस्तावित रणनीति पर बैठक में विस्तार से मंथन किया जाएगा।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और सभी कांग्रेस विधायक मौजूद रहेंगे। कांग्रेस का दावा है कि वह विधानसभा में जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और सरकार को हर मोर्चे पर घेरने का प्रयास करेगी।