छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

कन्या हाई स्कूल पोटाकेबिन चितालूर में 54 छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत मिली साइकिल

 दंतेवाड़ा

शासन की सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत आज कन्या हाई स्कूल पोटाकेबिन चितालूर में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विद्यालय की 54 छात्राओं को साइकिल वितरित की।

कार्यक्रम में अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना, उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है। छात्राओं ने भी साइकिल प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की और शासन के प्रति आभार जताया।

विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। राज्य सरकार छात्राओं को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरस्वती साइकिल योजना से दूर-दराज क्षेत्रों की बेटियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी पढ़ाई बाधित नहीं होगी। उन्होंने छात्राओं से मेहनत और लगन के साथ अध्ययन कर अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि बेटियों की शिक्षा समाज के विकास की आधारशिला है। शासन की विभिन्न योजनाएं छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने छात्राओं से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने, नियमित विद्यालय आने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने परिवार और जिले का नाम रोशन करने की अपील की। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं शिक्षक,  शिक्षिकाएं, व छात्र-छात्राएं मौजूद रहें।

Leave Your Comment

Click to reload image