छत्तीसगढ़ / बालोद

शादी से लौट रहे परिवार की कार खंभे से टकराई, 1 की मौत, 5 घायल

 बालोद । छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा की मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में हिंदू होटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

 

जानकारी के अनुसार, डौंडी नगर पंचायत के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के साथ ग्राम चिपरा में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा भिड़ी।

हादसे में 21 वर्षीय शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई। शारदा बिलासपुर में इंजीनियरिंग की छात्रा थीं और अपनी बुआ की शादी में शामिल होने घर आई थीं। उनकी असमय मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 

दल्लीराजहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image