वन मंत्री ने मर्दापाल में ग्राम पंचायत भवन और महतारी सदन का किया लोकार्पण
कोंडागांव । वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्रीकेदार कश्यप ने शनिवार को जनपद पंचायत कोंडागांव अंतर्गत ग्राम मर्दापाल में नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन एवं महतारी सदन भवन की सौगात दी। उन्होंने लगभग 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत भवन तथा लगभग 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन भवन का लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया।
इस अवसर पर वन मंत्री ने महतारी सदन में बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों एवं समूह से जुड़ने के बाद हुई आय में वृद्धि की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। राज्य शासन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इसी उद्देश्य से लखपति दीदी तथा ड्रोन दीदी जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से फलदार पौधों का रोपण, पशुपालन तथा अन्य आयवर्धक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इन कार्यों को मेहनत के साथ व्यवस्थित ढंग से करने पर बेहतर आय अर्जित की जा सकती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महतारी सदन महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रमुख केंद्र बनेगा।