छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं को दिया गया आत्मरक्षा प्रशिक्षण

   जांजगीर-चांपा, 27 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, खोखसा में आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना, विषम परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ स्वयं का बचाव करने के लिए सक्षम बनाना तथा उनमें साहस एवं आत्मरक्षा के गुण विकसित करना था।
       जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि कार्यक्रम में सेल्फ डिफेंस ऑर्गेनाइजेशन ऑफ छत्तीसगढ़ के प्रशिक्षक श्री वरुण पाण्डेय ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न व्यावहारिक उपायों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अचानक हमले, गला दबाने अथवा पकड़ लिए जाने जैसी परिस्थितियों में स्वयं का बचाव करने के प्रभावी तरीके एवं त्वरित प्रतिक्रिया के कौशल का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बालिकाओं को उनकी आयु के अनुरूप गुड टच एवं बैड टच की जानकारी दी गई तथा किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में बिना डरे अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को तत्काल जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। बताया गया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा, सतर्कता एवं महिला सम्मान की सामूहिक शपथ दिलाई गई।  

Leave Your Comment

Click to reload image