छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

मेरा युवा भारत पोर्टल से जुड़ेंगे 15 से 29 वर्ष के युवा कौशल विकास

 सूरजपुर ।    भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित ‘‘मेरा युवा भारत‘‘ (माई भारत) पोर्टल के माध्यम से देशभर के युवाओं को अवसरों से जोड़ने की पहल की जा रही है। इस पोर्टल का उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को सशक्त बनाना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाना है। ‘युवा शक्ति, राष्ट्र शक्ति‘ की भावना के साथ प्रारंभ इस कार्यक्रम के तहत युवाओं का कौशल विकास करना, उन्हें सरकारी और निजी संस्थाओं से जोड़ना, स्वयंसेवा (वॉलंटियर) के अवसर उपलब्ध कराना, नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा इंटर्नशिप एवं अनुभव आधारित सीखने के अवसर प्रदान करना निर्धारित किया गया है।

                  पोर्टल पर पंजीयन के माध्यम से युवाओं को सरकारी व सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेने, स्वयंसेवा प्रमाणपत्र प्राप्त करने, कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़ने, इंटर्नशिप एवं अनुभव आधारित सीखने के अवसर पाने, प्रोफ़ाइल एवं सीवी बनाने की सुविधा और विभिन्न संस्थाओं व मेंटर्स से जुड़ने जैसे कई लाभ प्राप्त होंगे। पोर्टल पर स्वयंसेवा कार्यक्रम, अनुभव आधारित शिक्षण, कौशल विकास, नेतृत्व विकास, मेंटरशिप, सामुदायिक सहभागिता, सीवी निर्माण तथा सरकारी और साझेदार संस्थाओं की विभिन्न गतिविधियां उपलब्ध कराई गई हैं।

   भारत का कोई भी नागरिक, जिसकी आयु 15 से 29 वर्ष के बीच है, इस पोर्टल पर पंजीयन करा सकता है। इसमें विद्यार्थी, नौकरी की तैयारी करने वाले युवा, स्वयंसेवक तथा अन्य इच्छुक युवा शामिल हैं। पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, आधार कार्ड (जहां आवश्यक हो), पासपोर्ट साइज फोटो तथा शैक्षणिक जानकारी जैसे दस्तावेज आवश्यक होंगे।

                 पंजीयन की प्रक्रिया सरल रखी गई है। इच्छुक युवा वेबसाइट www.mybharat.go.in पर जाकर ‘रजिस्टर नाउ‘ पर क्लिक करें, इसके पश्चात मोबाइल नंबर या ईमेल के माध्यम से ओटीपी सत्यापन करें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और प्रोफ़ाइल पूरी कर सबमिट करें। पंजीयन पूर्ण होने के उपरांत युवा उपलब्ध विभिन्न अवसरों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

 

 जिला प्रशासन द्वारा जिले के युवाओं से अपील की गई है कि वे मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीयन कराकर इन अवसरों का लाभ उठाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। ‘‘युवा आगे बढ़ेगा, भारत विकसित होगा‘‘ की भावना के साथ अधिक जानकारी के लिए नजदीकी युवा केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।

 
 
 
 
 
 

 

Leave Your Comment

Click to reload image