छत्तीसगढ़ / नारायणपुर

अबूझमाड़ के चार विद्यार्थियों का प्रयास आवासीय विद्यालय में चयन क्षेत्र में खुशी की लहर

 नारायणपुर, 27 जुलाई 2026

आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा आयोजित प्रयास आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा 2026-27 में अबूझमाड़ के दूरस्थ क्षेत्र के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विशेष पिछड़ी जनजाति आवासीय विद्यालय, ओरछा के चार विद्यार्थियों का राज्य के विभिन्न प्रयास आवासीय विद्यालयों में चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में विशेष पिछड़ी जनजाति बालक छात्रावास के अरुण नुरेटी, अनिरुद्ध कुमेटी और दिव्यांशु नेताम तथा कन्या छात्रावास की पूर्णिमा नुरेटी शामिल हैं। इन विद्यार्थियों का चयन रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और बस्तर स्थित प्रयास आवासीय विद्यालयों में हुआ है। सभी विद्यार्थी अबूझमाड़ के अति दुर्गम एवं विशेष पिछड़े क्षेत्र से आते हैं।
          छात्रावास अधीक्षक बुधराम कुमेटी ने इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार के लिए गर्व और हर्ष का विषय बताते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देगी। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन और विद्यालय के अनुकूल शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।
          उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी कराई जाती है। यहां विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना साकार कर रहे हैं।
          विद्यालय के प्राचार्य बुधसिंह मंडावी ने इस सफलता पर सभी चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों से आगे भी पूरी मेहनत और लगन के साथ अध्ययन कर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने का आह्वान किया। विद्यालय परिवार ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave Your Comment

Click to reload image