छत्तीसगढ़ / महासमुंद

जनदर्शन में आए 41 आवेदन, निराकरण के लिए संबंधित विभागों को दिए निर्देश

 महासमुंद । कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज जनदर्शन में जिले भर से आए आवेदकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभाग को निर्देश भी दिए। पिथौरा विकासखंड के बुंदेली गांव में कन्या प्राथमिक शाला और कन्या पूर्व माध्यमिक शाला को गांव के ही शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक शाला में संचालित करने के आदेश भी कलेक्टर ने दिए है। जनदर्शन में 41 आवेदन प्राप्त हुए। जिनके निराकरण के लिए कलेक्टर ने  संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में बुंदेली गांव के विमल महंत ने आवेदन देकर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह को बताया कि शासकीय कन्या प्राथमिक शाला का संचालन गांव के ही मंगल भवन में किया जा रहा है। जिसे शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक शाला में स्थानांतरित किया जाए। इसी तरह शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला को उसके भवन निर्माण तक बालक शाला में संचालित करने की मांग की गई। कलेक्टर लंगेह ने गंभीरता के साथ मामले को प्राथमिकता देते हुए शासकीय कन्या प्राथमिक शाला और शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला को बालक शाला में संचालित किए जाने का निर्देश दिए।

इसी तरह बसना विकासकखंड के ग्राम बड़ेटेमरी की सुबो बाई गोंड ने आवेदन दिया कि माननीय न्यायालय के आदेश के बाद भी उन्हें उनकी जमीन पर कब्जा नही मिल पाया है। जिस पर कलेक्टर ने तत्काल बसना तहसीलदार को इस मामले के निराकरण करने का आदेश दिया। 

 

वहीं ग्राम कुसमीसरार के रघुलाल नंद ने ऑनलाइन रिकार्ड में अपना खसरा सुधरवाने, ग्राम बांसकूड़ा-2 के रहवासियों ने वनाधिकार पट्टा के लिए, बुंदेली के राजेन्द्र ढीढी ने शासन से प्राप्त भूमि के अवैध विक्रय की शिकायत एवं खुमान सिंह साहू ने अपने पेंशन से संबंधित आवेदन दिए। कलेक्टर ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल निराकरण के आदेश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave Your Comment

Click to reload image