छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

मलेरिया की रोकथाम में घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने, मच्छरदानी के नियमित उपयोग और बुखार होने पर तत्काल जांच कराने कलेक्टर की अपील

 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 30 जुलाई 2026

वर्षा ऋतु के दौरान मच्छरों की संख्या बढ़ने के साथ मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में व्यापक मलेरिया रोकथाम एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने घर एवं आसपास पानी का जमाव नहीं होने दें, मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें तथा बुखार आने पर तत्काल निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में जाकर मलेरिया की जांच कराएं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। 
                मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर सर्वेक्षण, मलेरिया जांच, लार्वा स्रोत नियंत्रण एवं जनजागरूकता गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं। सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में मलेरिया की जांच एवं उपचार की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि जिले की सीमा से लगे अन्य क्षेत्रों में मलेरिया के मामलों में वृद्धि को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। मलेरिया से बचाव हेतु सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने दें, प्रतिदिन सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें, पूरे बाजू के कपड़े पहनें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं, कूलर, टंकी, गमले एवं अन्य जल संग्रहण पात्रों की नियमित सफाई करें तथा बुखार होने पर बिना विलंब स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मलेरिया की जांच अवश्य कराएं।

Leave Your Comment

Click to reload image