छत्तीसगढ़ / कोंडागांव

कलेक्टर ने कोपाबेड़ा जलाशय एवं बम्हनी पुल का किया निरीक्षण

 बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

कोण्डागांव, 31 जुलाई 2026

कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने शुक्रवार को कोपाबेड़ा जलाशय तथा बम्हनी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कोपाबेड़ा जलाशय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर आम नागरिकों को जलभराव एवं बाढ़ग्रस्त स्थानों से दूर रहने के लिए जागरूक करें। साथ ही कोपाबेड़ा जलाशय के पास  चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाने तथा रात्रिकालीन सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने जलाशय के बढ़े हुए जलस्तर को कम करने के लिए जल निकासी मार्गों एवं नालियों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने जल संसाधन विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा नगर पालिका के अधिकारियों को समन्वित रूप से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इसके पश्चात कलेक्टर ने खड़कघाट एवं बम्हनी पुल का निरीक्षण किया तथा बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कर आवागमन को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री अजय उरांव, तहसीलदार श्री मनोज रावटे, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री आर.एल. धीवर, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री सचिन गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर श्री हरीश नेताम सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image