छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

कलेक्टर का सख्त निर्देश एक सप्ताह में धान का शत- प्रतिशत करें निराकरण पूरा--अन्यथा होगी सख्त कानूनी कार्रवाई*--

 *कलेक्टर का सख्त निर्देश एक सप्ताह में धान का शत- प्रतिशत करें निराकरण पूरा--अन्यथा होगी सख्त कानूनी कार्रवाई*--


*कलेक्टर के निर्देश पर समिति प्रबंधकों की खाद्य अधिकारी ने ली बैठक, शत प्रतिशत निराकरण के दिए निर्देश*

कवर्धा- कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देश पर खाद्य अधिकारी श्री चंद्रशेखर देवांगन ने शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सहसपुर लोहारा और बोड़ला के धान उपार्जन केंद्र प्रभारियों की बैठक लेकर लंबित धान के भौतिक एवं अभौतिक लेखा-जोखा की समीक्षा की।

बैठक में खाद्य अधिकारी श्री चन्द्रशेखर देवांगन ने सभी केंद्र प्रभारियों को आगामी सात दिनों के भीतर शेष बचे धान का शत-प्रतिशत शून्य शॉर्टेज के साथ लेखा मिलान पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय-सीमा में सभी अभिलेखों का मिलान कर किसी भी प्रकार की विसंगति समाप्त की जाए।

खाद्य अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा द्वारा खाद्य, सहकारिता, मंडी एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त जांच टीम गठित कर दी गई है। यह टीम शेष धान वाले प्रत्येक उपार्जन केंद्र का स्थल निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन करेगी तथा अनियमितता पाए जाने पर प्रकरण तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्तुत करेगी।

उन्होंने कहा कि निर्धारित एक सप्ताह की समय-सीमा में लेखा मिलान पूर्ण नहीं करने वाली समितियों एवं सर्व संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक होने पर संबंधित समितियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में सभी उपार्जन केंद्र प्रभारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ कार्य करते हुए धान उपार्जन से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उल्लेखनीय है कि ख़रीफ़ विपणन वर्ष 2025-26 में कवर्धा जिला के कुल 108 खरीदी केंद्रों में कुल 63,72,351 क्विंटल धान की खरीदी की गई जिसमे आज दिवस तक कुल 52 केंद्रों से शत प्रतिशत धान का उठाव करा लिया गया है। अब 56 खरीदी केंद्रों में 40,733 क्विंटल धान का निराकरण किया जाना शेष है। 6 समितियों बम्हनी (बोड़ला), लोहारा, बासिनझोरी, बीरनपुरकला, पेंड्रिकला, कुकदूर के समिति प्रबंधकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया गया है, वहीं कुछ और समिति प्रबंधकों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही प्रस्तावित की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image